तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने 7 साल की छात्रा को रौंदा:मौत, ग्रामीण बोले- भाजपा नेता के ट्रैक्टर से हो रहा अवैध रेत खनन; ड्राइवर गिरफ्तार


जबलपुर मुख्यालय से 40 किलोमीटर दूर थाना चरगवां में सोमवार शाम को एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने स्कूली छात्रा को कुचल दिया, जिससे बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर थाने के बाहर जाम लगा दिया, जो देर रात तक जारी रहा।
जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात की। बताया जा रहा है कि जिस ट्रैक्टर से बच्ची की मौत हुई, वह भाजपा नेता का है। संभवतः इस ट्रैक्टर का उपयोग अवैध रेत खनन के लिए किया जा रहा था। पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
स्कूल से घर लौटते समय हुआ हादसा
ग्राम बिजौरी की रहने वाली 7 साल की बच्ची आस्था पटेल कक्षा दूसरी की छात्रा थी। गांव के ही सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली आस्था सोमवार शाम स्कूल की छुट्टी के बाद घर लौट रही थी। जैसे ही वह सड़क पार कर रही थी, तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे कुचल दिया। ट्रैक्टर के पहियों के नीचे आने से आस्था गंभीर रूप से घायल हो गई और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
छात्रा का शव देखकर गांव में कोहराम मच गया। बच्ची के पिता शोभा सिंह और मां पूजा भी घटनास्थल पर पहुंच गए। मां शव से लिपटकर रोने लगी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। कुछ ही देर बाद नाराज ग्रामीणों ने थाने के बाहर धरना दे दिया, जो देर रात तक जारी रहा।
छात्रा के पिता मूलत: माला खुर्द के निवासी है। खेती के लिए बिजौरी में किराए के मकान लेकर परिवार के साथ रह रहे थे।

रात में ही पुलिस अधिकारी गांव पहुंचे और ग्रामीणों से बात की।
ट्रैक्टर लेकर भागा ड्राइवर ग्रामीणों ने बताया कि ट्रैक्टर चालक ने पहले बच्ची को टक्कर मारी, लेकिन वाहन रोकने के बजाय उसने गति बढ़ा दी और बच्ची को कुचलता हुआ भाग गया। यह ट्रैक्टर भाजपा नेता राहुल जैन का बताया जा रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि यह ट्रैक्टर अवैध रेत परिवहन में लगा हुआ था। उनका कहना है कि पुलिस अवैध रेत परिवहन करने वाले ट्रैक्टरों की जांच नहीं करती, इसी कारण यह दुर्घटना हुई। पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है।
ग्रामीणों के हंगामे के बाद आरोपी गिरफ्तार
ग्रामीणों के प्रदर्शन के कारण चरगवां-नरसिंहपुर मार्ग देर रात तक बाधित रहा। सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाईपास तक भारी वाहन खड़े हो गए। स्थिति को काबू में करने के लिए आसपास के थानों से पुलिस बल बुलाया गया। पुलिस ने मार्ग डायवर्ट कर यातायात को सुचारू किया।
ग्रामीणों का गुस्सा अवैध रेत परिवहन करने वाले ट्रैक्टर चालकों पर पुलिस की लापरवाही को लेकर था। उन्होंने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की और अवैध रेत माफियाओं को बचाने का आरोप लगाया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
चरगवां पुलिस ने रात में आरोपी ट्रैक्टर चालक नीरज चक्रवर्ती को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब मामले की विस्तृत जांच कर रही है और अवैध रेत खनन से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की संभावना है।