जर्मनी के मैनहेम में लोगों पर जानबूझकर कार चढ़ाई:2 की मौत, 25 घायल; 3 महीने में कार से हमले की तीसरी घटना
जर्मनी के मैनहेम में कार्निवल के दौरान सोमवार को एक कार चालक ने जानबूझकर पैदल चल रहे लोगों को टक्कर मार दी। जर्मनी के बिल्ड न्यूज पेपर के मुताबिक इस हमले में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 घायल हुए हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमलावर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अभी तक यह साफ नहीं है कि ड्राइवर ने जानबूझकर ऐसा किया या ये हादसा गलती से हुआ। पुलिस ने इलाके में लॉकडाउन लगाया है।
जर्मनी में तीन महीने के अंदर कार से लोगों पर हमले की यह तीसरी घटना है। जनवरी में म्यूनिख शहर में एक अफगानी शरणार्थी ने लोगों पर कार चढ़ा दी थी। इस हादसे में 2 लोग मारे गए थे, जबकि 28 से ज्यादा घायल हुए थे।
वहीं, दिसंबर में मैगडेबर्ग शहर के क्रिसमस मार्केट में तेज रफ्तार कार ने सैकड़ों लोगों को रौंद दिया था। इस हमले में 5 लोग मारे गए थे, जबकि 200 घायल हुए थे। घायलों में 7 भारतीय भी थे।

इस तस्वीर में काले रंग की SUV नजर आ रही है, जिससे हमला किया गया।

घटना के बाद सड़क पर एक कटा हुआ पैर दिखाई दिया। हमने इस तस्वीर को ब्लर किया है।

मौके पर पुलिस बल और एंबुलेंस तैनात हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शॉपिंग स्ट्रीट में पैदल लोगों के बीच घुस गई कार
इस हमले को स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 12.15 बजे (भारतीय समय के मुताबिक शाम 4:45 बजे) अंजाम दिया गया। जर्मन मीडिया ने बताया कि मैनहेम की मुख्य शॉपिंग स्ट्रीट प्लैंकन में एक काली SUV ने तेज रफ्तार से कई पैदल यात्रियों को टक्कर मार दी। यह कार प्लैंकन में परेडप्लाट्ज स्क्वायर से शहर के फेमस वॉटर टावर की तरफ जा रही थी।
पुलिस बोली- मैनहेम में खतरे की स्थिति बरकरार
पुलिस प्रवक्ता स्टीफन विल्हेम ने बताया कि एक अपराधी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले में अन्य लोगों के शामिल होने की जानकारी नहीं दी गई है। घटना के बाद पुलिस ने कहा है कि मैनहेम में अभी खतरे की स्थिति बनी हुई है। घायलों के इलाज के लिए हॉस्पिटल ने 8 टीमें तैनात की हैं।
अधिकारियों ने एक ऐप के जरिए अलर्ट जारी किया है। यह एक ऐसा सिस्टम जिसका इस्तेमाल लोगों को आतंकवादी हमलों या आग जैसी इमरजेंसी का अलर्ट भेजने के लिए किया जाता है। इस अलर्ट में लोगों को शहर के सेंटर से दूर रहने और स्थिति समान्य होने तक घर के अंदर रहने का निर्देश दिया गया है।