हिंदू राष्ट्र की मांग सबसे पहले बिहार से उठेगी’:धीरेंद्र शास्त्री बोले- बिहार आने पर धमकी मिली, हमें रोकोगे तो यहीं मठ बना लूंगा
बिहार के गोपालगंज में धीरेंद्र शास्त्री हनुमंत कथा कर रहे हैं। कथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने कहा- ‘मेरे बिहार दौरे को लेकर लोगों को बड़ी तकलीफ है। कहते हैं- घेरेंगे, मारेंगे। अरे तुम्हारे बाप का देश है क्या। ये रघुवर का देश है, बाबर का नहीं।’
‘बिहार हमारा है, जब तक जिंदा हूं, तब तक बिहार आऊंगा। मुझे कोई बिहार आने से रोकेगा तो यहां मठ बना लूंगा। घर बना लूंगा। मार दोगे तो फिर बिहार में जन्म लूंगा। छेड़ोगे तो छोड़ूंगा नहीं। ठठरी के बरे, नकटा, मूसरचंक, हलवानाथ तुम्हारे बाप का देश है जो मुझे मारेगे। 8 तारीख को दिव्य दरबार भी लगाऊंगा।”
‘एक बात पहले ही निवेदन कर रहा हूं। मैं किसी पार्टी का प्रचारक नहीं हूं, हिदुत्व का विचारक हूं। राम के राष्ट्र में राम की कथा रोक लोगे। हिंदू राष्ट्र की मांग सबसे पहले बिहार से उठेगी। जब तक शरीर में जान है, तक तक हिंदुओं के लिए जीऊंगा और मरूंगा।’
पंडित धीरेंद्र शास्त्री 5 दिन के बिहार दौरे पर हैं। गुरुवार को गोपालगंज में उनकी हनुमंत कथा का पहला दिन है। शाम करीब सवा 5 बजे के बाद कथा शुरू हुई है।
औरंगजेब का जिक्र होना देश के लिए दुर्भाग्य
इससे पहले यूपी के कुशीनगर से गोपालगंज आने के दौरान उन्होंने औरंगजेब विवाद पर बयान दिया है, कहा- ‘यह इस देश का दुर्भाग्य है कि छत्रपति शिवाजी, छत्रपति संभाजी, महाराणा प्रताप और रानी लक्ष्मीबाई जैसे महान योद्धा होने के बावजूद औरंगजेब को आज भी महिमामंडित किया जाता है।’
‘समय बदल रहा है और एक-एक कर के सब कुछ ठीक हो जाएगा। प्राचीन भारतीय संस्कृति का झंडा एक बार फिर लहराएगा। मेरा दृढ़ विश्वास है कि भारत अनिवार्य रूप से हिंदू राष्ट्र बनेगा।”
‘बागेश्वर बाबा’ X अकाउंट से औरंगजेब को जूता मारते तस्वीर शेयर
‘बागेश्वर बाबा’ नाम के X अकाउंट से औरंगजेब की तस्वीर शेयर की गई है।
धीरेंद्र शास्त्री के बिहार दौरे से ठीक पहले ‘बागेश्वर बाबा’ नाम के X अकाउंट से औरंगजेब की तस्वीर शेयर की गई है।
तस्वीर पर औरंगजेब के चेहरे पर जूता दिख रहा है। इस पर लिखा गया है- लाइक करने पर एक जूता, शेयर करने पर 10 जूते।
ये अकाउंट X पर वेरिफाई है। अगस्त 2019 से अकाउंट एक्टिव है। इसके 78 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। भास्कर से धीरेंद्र शास्त्री की टीम के सदस्य रोहित ने बताया कि ‘ये हमारा अकाउंट नहीं है। हम इस तरह की पोस्ट नहीं करते हैं।’
अब पढ़िए औरंगजेब को लेकर क्यों हो रही है बयानबाजी
- 3 मार्च को महाराष्ट्र विधानसभा में सपा नेता अबू आजमी ने कहा था, ‘हमें गलत इतिहास दिखाया जा रहा है। औरंगजेब ने कई मंदिर बनवाए हैं। मैं उसे क्रूर शासक नहीं मानता।
- अबू आजमी के बयान पर BJP नेता शहनवाज हुसैन ने कहा- ‘जब वह औरंगजेब की प्रशंसा करेंगे, तो उन्हें विधानसभा से बाहर जाना होगा। जब छत्रपति शिवाजी महाराज के अनुयायी विधानसभा में हैं, तो औरंगजेब भक्त के लिए कोई जगह नहीं है। समाजवादी पार्टी को औरंगजेब से प्रेम हो गया है।’
- बीजेपी नेता और बिहार सरकार में मंत्री नीरज बबलू ने कहा, अगर जदयू MLC इस तरह का बयान दे रहे हैं तो ये कहीं से उचित नहीं है। वो गलत बात बोल रहे हैं। ये राजद और कांग्रेस का काम है। उनके पक्ष में ये ही लोग बोल सकते हैं क्योंकि इन लोगों ने देश को लूटने का काम किया है।’
- माले विधायक शैलेंद्र यादव ने कहा, ‘खालिद अनवर ने सही कहा है। हो सकता है कि उसमें कुछ अच्छी क्वालिटी भी होगी। कुछ अच्छाई होगी, कुछ बुराई होगी। मुझे इतिहास के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। खालिद अनवर से पूछें, उनको ही जानकारी होगी। मुझे नहीं पता। उनको मुस्लिम वोट की चिंता है।’
- अख्तरुल ईमाम ने कहा, ‘बिहार में कोई शासक नहीं है। यहां NDA की हुकूमत है। औरंगजेब हों या मुगल एंपायर के दूसरे लोग हों, अशोक सम्राट हों. ये हमारे पूर्वज रहे हैं। इन लोगों ने देश की सेवा की है, इसे भुलाया नहीं जा सकता। औरंगजेब लुटेरा नहीं था। उसने देश के सभी तबके के लोगों की सेवा की थी। अंतिम शरीर को भी इसी जमीन पर समर्पित कर दिया। बीजेपी के नेताओं को नफरत के अलावा कुछ नहीं दिखता।
पंडाल में 2 लाख लोगों के बैठने की क्षमता
बागेश्वरी धाम के धीरेंद्र शास्त्री 10 मार्च तक बिहार में रहेंगे। धीरेंद्र शास्त्री गोपालगंज के भोरे प्रखंड स्थित राम जानकी मठ में आज से 5 दिनों तक हनुमंत कथा करेंगे। पहले दिन की कथा जारी है। इस दौरान वे अपना दिव्य दरबार भी लाएंगे। 60 एकड़ में इसके लिए पंडाल बनाया गया है। जिसमें 2 लाख लोग एक साथ बैठने की व्यवस्था है।
राम जानकी मठ में 6 महीने में छतरपुर की तरह बागेश्वर धाम सरकार का भवन बनाया गया है। जिसमें सभी सुविधाएं हैं।

राम जानकी मठ में धीरेंद्र शास्त्री की कथा में झूमते श्रद्धालु।
ट्रैफिक रूट में बदलाव किया गया है
धीरेंद्र शास्त्री के दौरे को लेकर पुलिस अलर्ट है। ट्रैफिक रूट में भी बदलाव किया गया है। पुलिस अधीक्षक अवधेश कुमार दीक्षित ने बताया- गोपालगंज से सीवान जाने वाले सभी बस, निजी वाहन और ट्रक सीवान बाईपास से निकलेंगे। मीरगंज बाजार में इन गाड़ियों की एंट्री बैन रहेगी।
भारी वाहनों की आवाजाही रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक ही होगी। सुबह जाने वाले वाहनों के लिए विशेष रूट तय किया गया है। ये वाहन मरछिया देवी चौक से सबेया फील्ड होते हुए लाइन बाजार, पंचदेवरी और ईमलिया होकर भोरे चौराहा तक जाएंगे। कथा स्थल के आसपास पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है।
5 जगहों पर पार्किंग की व्यवस्था
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा को लेकर कथा स्थल के आसपास 5 जगह पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इसमें राधागंज मठ, सईया देवी मंदिर (मध्य विद्यालय राधागंज), लखराव फिल्ड, कल्याणपुर स्कूल शामिल हैं।
VIP के लिए पार्किंग की व्यवस्था बारह बीघा मैदान में की गई है। इसके अलावा पप्पू कुमार के खेत सईया देवी मंदिर के सामने पेड पार्किंग की व्यवस्था होगी।

हनुमंत कथा में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हैं।
RJD विधायक को धमकी,कहा- दिख गए तो गोली मार दूंगा
धीरेन्द्र शास्त्री के गोपालगंज आने को लेकर RJD विधायक ने बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि, ‘बाबा धीरेंद्र शास्त्री बिहार में उन्माद फैलाने के लिए आ रहे हैं।’
विधायक के इस बयान के बाद विकास सिंह ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर विधायक को धमकी दी है।
आरोपी विकास ने वीडियो में और क्या कहा-
प्रेम शंकर बुरी तरह से जाएंगे। बैकुंठपुर में प्रेम शंकर दिखाई मत देना। JCB से कुचलवा देंगे। जाकर देवदत्त राय से राजनीति सीखो। इसके बाद बिहार में राजनीति करना। हिंदू का विरोध कर रहा है। चाट कर राजनीति करने वाले को हम राजनेता नहीं मानते हैं। जमात की राजनीति करो। ये खुलेआम मेरा चैलेंज है। बागेश्वर बाबा आ रहे हैं, तो तुम्हें जलन हो रही है।