लखनऊ की मार्केट में अंधाधुंध फायरिंग, मची भगदड़:दो घायल; होली के दिन लड़ी थी गाड़ी, बदला लेने के लिए हमला


लखनऊ के चिनहट में रविवार शाम दो युवकों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस दौरान मार्केट में भगदड़ मच गई। एक व्यक्ति के कंधे और दूसरे के हाथ पर गोली लगी है। घायल के माता पिता का कहना है कि होली के दिन गाड़ी लड़ जाने के बाद दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोपी उसे मारने के लिए इलाके में खोज रहे थे।
गोलीबारी की घटना मल्हौर के सौम्या क्लिनिक के पास हुई है। बाइक से दो आरोपी विशाल यादव और वैभव शूटर आए और फायरिंग करने लगे। जिस व्यक्ति के कंधे पर गोली लगी है उसका नाम एजाज अहमद है। एजाज अहमद ट्रांसपोर्टर हैं। एजाज के साथ उसका साथी खालिक अहमद खड़ा था। इस दौरान उसके हाथ में गोली लगी है। दोनों चिनहट के कस्बा के रहने वाले हैं।
गोली चलने के बाद घटनास्थल पर भगदड़ मचने का फायदा उठाकर शूटर भाग निकले। क्लिनिक से बाहर आए लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए चंदन हॉस्पिटल भेजा है।
पहले देखें गोलीकांड के बाद की तीन तस्वीरें…
तस्वीर-1. चिनहट में दो पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई इसके बाद फायरिंग की गई।

तस्वीर- 2. घटना सौम्या क्लीनिक के पास की है, मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस पहुंची है।

तस्वीर- 3. गोली चलने के बाद इलाके में भगदड़ मच गई, बाद में भीड़ इकट्ठा हो गई।

गाड़ी से उतरा, गाली दी…फायरिंग कर दी
विशाल यादव और वैभव रविवार को शाम 6 बजे चिनहट पहुंचे। एजाज को देखते ही बाइक खड़ी की। दोनों गाली देते हुए उतरे। इसके बाद कमर से पिस्टल निकाली और फायरिंग कर दी। गोली लगते ही एजाज गिर गया। खालिक अहमद को हल्की चोट आई है। एजाज अभी चंदन हॉस्पिटल में भर्ती है। डॉक्टरों ने खालिक को डिस्चार्ज कर दिया है।

सौम्या क्लीनिक के पास चली है गोली।
होली के दिन घर पहुंचे थे मारने
कुछ दिन पहले एजाज और विशाल के बीच विवाद हुआ था। उसके बाद होली के दिन दोनों की गाड़ी आपस में भिड़ गई। उसी दिन शाम को एजाज को मारने के लिए विशाल और वैभव उसके घर पहुंचे थे। परिजनों का कहना है कि जब दोनों आए थे तब एजाज घर पर नहीं था। दोनों ने मोहल्ले में कुछ देर तक रेकी की इसके बाद चले गए।

पुलिस ने मौके पर खोखा बरामद किया है।
पुलिस को बताया था जान का खतरा
एजाज जब मोहल्ले में पहुंचा तो उसे पता चला कि कुछ लोग उसे मारने के लिए ढूंढ रहे हैं। यह जानकर उसने चौकी और थाने में शिकायत दी थी। पुलिस को बताया था कि उसकी जान को खतरा है। रविवार को मौका पाकर हत्या के इरादे से फायर कर दिया। मामले में पुलिस का कहना है घायलों के बयान लिए जाएंगे। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घायल के माता-पिता बोले- आरोपी होली के दिन से उसे मारने के लिए खोज रहे थे।