भागकर शादी करने जा रहे प्रेमी सड़क दुर्घटना में जख्मी:नवादा पुलिस ने परिवार को मनाकर मंदिर में करवाई शादी,4 महीने पहले रिश्ता हुआ था पक्का
नवादा में शादी में देरी से परेशान प्रेमी जोड़े ने भागकर शादी करने का प्लान बनाया। लेकिन घर से निकलते ही उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में दोनों जख्मी हो गए। 4 महीने पहले रजौली के बिजबन गांव निवासी सपना (19) की शादी उसके परिजनों ने गया के मोहनपुर के सिमरा गांव निवासी सहिंदर कुमार (23) से तय की थी।
रिश्ता पक्का होने के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई। बातचीत के दौरान दोनों को एक दूसरे से प्यार हो गया। लेकिन आर्थिक मजबूरियों के कारण परिजन शादी टाल रहे थे। इससे परेशान होकर दोनों ने भागकर शादी करने का फैसला किया।
स्कॉर्पियो ने बाइक को मारी टक्कर
मंगलवार को दोनों मोटरसाइकिल पर भागने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। दोनों को मामूली चोटें आई। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार दिया गया। डॉक्टर ने बताया कि लड़के के पैर हाथ में काफी चोट आई है। वहीं, लड़की का सिर फट गया है।
पुलिस ने मंदिर में करवाई शादी
सिरदला थाना प्रभारी संजीत कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों परिवारों से बात की। पुलिस ने युवक-युवती की भावनाओं को समझा और परिवार वालों को भी समझाया। इसके बाद दोनों परिवारों की सहमति से मंदिर में विधि-विधान से शादी संपन्न हुई।

मंदिर में दोनों की शादी हो रही है।
थाना प्रभारी रंजीत राम ने बताया गया है कि दुर्घटना में एक लड़की और एक लड़का जख्मी हुआ था। दोनों को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया और इलाज करवाया। दोनों घर से शादी करने के लिए भागे थे तभी एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने धक्का मार दिया। लड़की के माता-पिता को सूचना दी गई। परिजन के पहुंचने पर दोनों की मंदिर में शादी करा दी गई।