झारखंड में NTPC के DGM की हत्या:घर से ऑफिस के लिए निकले थे, ओवरटेक कर मारी गोली, नालंदा के रहने वाले थे
NTPC कोल परियोजना के केरेडारी में डिस्पैच डिपार्टमेंट के DGM पद पर कार्यरत कुमार गौरव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शनिवार सुबह वे अपने घर हजारीबाग से ऑफिस के लिए थे। गाड़ी जैसे ही हजारीबाग के फतहा चौक के पास पहुंची बाइक सवार अपराधियों ने गाड़ी ओवरटेक कर उन्हें गोली मार दी। उन्हें 2 गोलियां लगी थीं।
आनन-फानन में उन्हें पास के ही आरोग्यम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जानकारी के मुताबिक कुमार गौरव बिहार के नालंदा जिले के रहने वाले थे।
वे ऑफिस की स्कॉर्पियो में सवार थे। गाड़ी में उनके अलावा 2 और लोग बैठे थे। ।

कुमार गौरव बिहार के नालंदा के रहने वाले थे।- फाइल फोटो
लेवी के लिए हत्या की आशंका
घटना की जानकारी मिलते ही NTPC के बड़े पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। अस्पताल में जिले के तमाम बड़े पदाधिकारी मौजूद हैं। मामले को लेकर जांच तेज कर दी गई है।
चर्चा इस बात भी हो रही है इलाके में लेवी को लेकर आए दिन माइनिंग कंपनियां और उसके कर्मी अपराधियों की रडार पर आते रहते हैं।
इससे पहले भी लेवी के लिए आउटसोर्सिंग कंपनी के GM की हत्या कर दी गई थी। कुमार गौरव की हत्या के तार भी लेवी से ही जोड़कर देखे जा रहे हैं। क्योंकि उनके ऊपर ही कोयला डिस्पैच की जिम्मेदारी थी।

कुमार गौरव इसी गाड़ी से घर से ऑफिस के लिए निकले थे।
कुमार गौरव ने 6 महीने पहले जॉइन किया था
कुमार गौरव 6 महीने पहले ही यहां आए थे। उनकी 10 साल की एक बेटी है जो हजारीबाग में एक प्राइवेट स्कूल में रहकर पढ़ाई करती है। बचपन में ही कुमार गौरव के पिता की मौत हो गई थी। अपनी मेहनत से उन्होंने NTPC में नौकरी हासिल की थी।
NTPC एसोसिएशन के सदस्य कमला राम रजक ने कहा- ‘NTPC को पूरे परिवार की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। अगर हमारी मांग नहीं मानी तो बड़ा प्रदर्शन करेंगे।’

पति कुमार गौरव की मौत के बाद पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।