अमेरिकी संसद में ट्रम्प का पहला भाषण:बोले- भारत 100% से ज्यादा टैरिफ वसूलता है, हम भी 2 अप्रैल से उतना ही टैरिफ लगाएंगे
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प अमेरिकी संसद (कांग्रेस) के जॉइंट सेशन को संबोधित कर रहे हैं। उन्होंने अपने दूसरे कार्यकाल के पहले भाषण की शुरुआत अमेरिका इज बैक, यानी अमेरिका का दौर लौट आया है से की। ट्रम्प ने कहा कि उन्होंने 43 दिन में जो किया है वह कई सरकारें अपने 4 या 8 साल के कार्यकाल में नहीं कर पाईं।
ट्रम्प ने 2 अप्रैल से जैसा को तैसा टैरिफ लगाने का ऐलान किया। उन्होंने कहा, “भारत हमसे 100% से ज्यादा टैरिफ वसूलता है, चीन का हमारे सामानों पर औसत टैरिफ हमसे दोगुना है और दक्षिण कोरिया का औसत टैरिफ चार गुना है।”
ट्रम्प ने पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन को अमेरिकी इतिहास का सबसे खराब राष्ट्रपति बताया। उन्होंने कहा कि बाइडेन के फैसले की वजह से अमेरिका में लाखों अप्रवासियों को घुसने का मौका मिला।ट्रम्प का यह भाषण ऐसे समय हो रहा है जब अमेरिकी सरकार रूस-यूक्रेन वॉर और मिडिल ईस्ट में संघर्ष को खत्म करने और फेडरल सरकार में बदलाव करने पर जोर दे रही हैजॉइंट सेशन से जुड़ीं 5 तस्वीरें…

सुप्रीम कोर्ट के जजों के साथ हाथ मिलाते हुए डोनाल्ड ट्रम्प।

ट्रम्प जब डेमोक्रेटिक नेताओं के पास हाथ मिलाने पहुंचे तब विपक्षी पार्टी की नेता मेलानी स्टांसबरी उनके विरोध में कार्ड पकड़े दिखीं।

ट्रम्प का संबोधन सुनने के लिए उनकी बेटी इवांका ट्रम्प और दामाद जैरेड कुशनर भी पहुंचे।

अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रम्प कांग्रेस के जॉइंट सेशन में ट्रम्प का संबोधन सुनने के लिए पहुंचीं।

ट्रम्प के भाषण के विरोध में कई डेमोक्रेट्स सदस्य संसद से बाहर चले गए।
ट्रम्प के संबोधन से जुड़े पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे के ब्लॉग से गुजर जाइए…
लाइव अपडेट्स
8 मिनट पहले
संसद के जॉइंट सेशन में किसी अमेरिकी राष्ट्रपति का सबसे लंबा भाषण
दोबारा सत्ता में लौटने के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का संसद के जॉइंट सेशन को दिया पहला भाषण, आधिकारिक तौर पर सबसे लंबा भाषण बन गया है। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन के 1993 के 1 घंटे 5 मिनट लंबे भाषण को भी पीछे छोड़ दिया, जो अब तक का सबसे लंबा जॉइंट सेशन संबोधन था। इसके अलावा, ट्रम्प ने 2017 में अपने पहले जॉइंट सेशन के भाषण से भी ज्यादा समय बोल रहे हैं, जो 1 घंटे से थोड़ा ज्यादा था।
9 मिनट पहले
ट्रम्प बोले- हम अपनी न्याय व्यवस्था सुधार रहे हैं
ट्रम्प ने कहा, ’पिछले चार साल में 2.1 करोड़ लोग अवैध रूप से अमेरिका में घुसे हैं। उनकी सरकार ने अमेरिकी इतिहास में सबसे बड़ा बॉर्डर और इमिग्रेशन क्रैकडाउन शुरू किया है।
ट्रम्प ने लेकन राइली का जिक्र किया, जिसका 2023 में वेनेजुएला से आए एक अवैध अप्रवासी जोस इबारा ने मर्डर कर दिया था। ट्रम्प ने इस हत्या के लिए बाइडेन प्रशासन की क्रूर नीतियों को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि राइली की मां और बहन आज चेंबर में मौजूद हैं।

ट्रम्प ने एक एग्जीक्यूटिव ऑर्डर दिखाया, जिसके तहत एक वाइल्डलाइफ सैंक्चुअरी का नाम बदलकर जोसलीन नुंगारेके सम्मान में रखा गया है। 12 साल की जोसलीन नुंगारे की दो अवैध अप्रवासियों ने हत्या कर दी थी।
ट्रम्प ने कहा कि अमेरिकी न्याय व्यवस्था को कट्टरपंथी वामपंथियों ने बर्बाद कर दिया है। जैसे ही हम अपनी संप्रभुता वापस पा रहे हैं, हमें अपने शहरों और कस्बों में कानून और व्यवस्था भी वापस लानी होगी। हमारी सरकार ने FBI और न्याय विभाग से शुरुआत करते हुए निष्पक्ष, समान और न्यायसंगत कानून व्यवस्था बहाल करने का काम किया है। नए FBI डायरेक्टर काश पटेल को संबोधित करते हुए ट्रम्प ने कहा ‘गुड लक।’
10 मिनट पहले
ट्रम्प बोले- टैरिफ हमारे देश की आत्मा की रक्षा करेगा
ट्रम्प ने कहा कि 2 अप्रैल से अमेरिका आने वाले विदेशी कृषि उत्पादों पर नया टैरिफ लागू होगा। शुरुआत में थोड़ा एडजस्टमेंट पीरियड हो सकता है, लेकिन किसानों के लिए यह जबरदस्त मौका होगा।
उन्होंने कहा कि उन्होंने विदेशी एल्युमिनियम, कॉपर, लंबर और स्टील पर 25% टैरिफ लगाया है। ये टैरिफ सिर्फ अमेरिकी नौकरियों की सुरक्षा के लिए नहीं हैं। ये हमारे देश की आत्मा की रक्षा करने के लिए हैं