अमेरिकी बाजार 4% गिरा, भारतीय बाजार पर ज्यादा असर नहीं:सेंसेक्स मामूली तेजी के साथ 74,100 पर पहुंचा, इंडसइंड बैंक का शेयर 26% लुढ़का


अमेरिकी बाजारों में 4% तक की गिरावट का असर भारतीय बाजारों पर नहीं दिख रहा है। आज यानी, मंगलवार (11 मार्च) को सेंसेक्स में मामूली तेजी के साथ है। ये 74,100 के पार कारोबार कर रहा है। निफ्टी 40 अंक ऊपर हैं, ये 22,500 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
सुबह सेंसेक्स में करीब 400 अंकों की गिरावट थी। निफ्टी भी 100 अंकों से ज्यादा फिसल गया था।
इंडसइंड बैंक के शेयरों में आज यानी मंगलवार (11 मार्च) को 25.55% की गिरावट है। ये 196 रुपए गिरकर ₹670 पर है। बैंक ने 10 मार्च को एक्सचेंज फाइलिंग में बताया था कि इंटरनल रिव्यू में डेरिवेटिव पोर्टफोलियो में अकाउंटिंग डिस्क्रिपेन्सी यानी गड़बड़ी का पता चला है। इसके चलते बैंक की कमाई में कमी आ सकती है और नेटवर्थ 2.35% तक गिर सकती है।
एशियाई बाजारों में भी गिरावट
- एशियाई बाजारों में जापान के निक्केई में 1.74%, हॉन्गकॉन्ग के हैंगसेंग इंडेक्स में 1.18% और चीन के शंघाई कम्पोजिट में 0.45% की गिरावट है।
- 10 मार्च को विदेशी निवेशकों (FIIs) ने 485.41 करोड़ रुपए के शेयर बेचे। इस दौरान घरेलू निवेशकों (DIIs) ने 263.51 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे।
- 10 मार्च को अमेरिका का डाओ जोंस 2.08% गिरकर 41,911 पर, S&P 500 2.70% गिरकर 5,614 पर और नैस्डेक कंपोजिट 4.00% गिरकर 17,468 पर बंद हुआ।
बाजार में गिरावट का कारण
रेसिप्रोकल टैरिफ (जैसा को तैसा) लगाने की ट्रम्प की धमकी से बाजार में अनिश्चितता है। ट्रम्प ने कहा, ‘हम रेसिप्रोकल टैरिफ लगाएंगे। चाहे वो कोई भी देश हो- भारत या चीन, वे हम पर जितना चार्ज करते हैं, हम भी उतना ही करेंगे। हम व्यापार में बराबरी चाहते हैं।
रेसिप्रोकल का मतलब होता है- तराजू के दोनों पलड़े को बराबर कर देना। यानी एक तरफ 1 किलो भार है तो दूसरी तरफ भी एक किलो वजन रख कर बराबर कर देना।
ट्रम्प इसे ही बढ़ाने की बात कर रहे हैं। यानी भारत अगर कुछ चुनिंदा वस्तुओं पर100% टैरिफ लगाता है, तो अमेरिका भी उस तरह के प्रोडक्ट्स पर 100% टैरिफ लगाएगा।
नैस्डैक कंपोजिट में 4.00% की गिरावट
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की टैरिफ पॉलिसी के कारण डाओ जोन्स 890 अंक (2.08%) गिरकर 41,911 के स्तर पर बंद हुआ। नैस्डैक कंपोजिट में 4.00% की गिरावट आई। ये 728 अंक गिरकर 17,468 पर आ गया है। S&P 500 इंडेक्स में 2.70% की गिरावट आई है।
मार्केट वैल्यू में 350 लाख करोड़ से अधिक की गिरावट
सोमवार को S&P 500 अपने 19 फरवरी के रिकॉर्ड उच्च स्तर से 8.6% नीचे बंद हुआ है। तब से इसकी मार्केट वैल्यू में 4 ट्रिलियन डॉलर (करीब 350 लाख करोड़ रुपए) से अधिक की गिरावट आई है। नैस्डैक भी अपने दिसंबर के उच्च स्तर से 10% से ज्यादा गिर चुका है।
मस्क की नेटवर्थ 2 लाख करोड़ रुपए कम हुई
इलॉन मस्क की कंपनी टेस्ला का शेयर 15.43% गिरा। इसके चलते कंपनी का मार्केट कैप 4 लाख करोड़ रुपए घट गया है। बीते 5 साल में यह सबसे बड़ा डे-फॉल है। इससे पहले सितंबर 2020 में कंपनी के शेयर में ऐसी गिरावट रही थी।
कंपनी का शेयर दिसंबर 2024 में अपने ऑल टाइम हाई 480 डॉलर पर था। अब ये 222 डॉलर पर आ चुका है। इस गिरावट से इलॉन मस्क की नेटवर्थ भी एक 1.92 लाख करोड़ रुपए गिरकर 27.90 लाख करोड़ रुपए पर आ गई है।
सोमवार को सेंसेक्स 217 अंक गिरकर 74,115 के स्तर पर बंद हुआ
हफ्ते के पहले कारोबारी दिन कल यानी, सोमवार 10 मार्च को सेंसेक्स 217 अंक की गिरावट के साथ 74,115 के स्तर पर बंद हुआ था। निफ्टी में 92 अंकों की गिरावट रही, ये 22,460 के स्तर पर बंद हुआ। रियल्टी और ऑयल एंड गैस शेयरों में सबसे ज्यादा फिसले।
निफ्टी रियल्टी और ऑयल एंड गैस इंडेक्स 2% नीचे बंद हुआ। सरकारी बैंकों के इंडेक्स में 1.86% की गिरावट रही। ऑटो इंडेक्स भी 1.22% फिसला। निफ्टी एफएमसीजी इंडेक्स सबसे ज्यादा 0.22% चढ़ा है। सेंसेक्स पर पावर ग्रिड का शेयर सबसे ज्यादा 2.85% ऊपर बंद हुआ।