5 हजार का फरार आरोपी हथियार सहित गिरफ्तार

भिंड| देहात पुलिस ने नई गल्ला मंडी के पास से शनिवार रात 9:30 बजे के करीब महिला पर जानलेवा हमला करने वाले फरार आरोपी को अवैध हथियार लेकर घूमते हुए गिरफ्तार किया। फरार आरोपी युवक पर एसपी द्वारा 5 हजार का इनाम घोषित किया गया था। देहात पुलिस के अनुसार बीते 9 मार्च को अटेर के मेवाराम का पुरा में एक महिला पर गोली चलाते हुए अज्ञात आरोपियों पर हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज किया गया था।
इस वारदात के बाद फरार चल रहे आरोपियों पर एसपी द्वारा 5 हजार का इनाम घोषित किया गया था। शनिवार रात को देहात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली के सेंट माइकल स्कूल के पास नई गल्ला मंडी के करीब एक युवक अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना पर देहात थाना पुलिस ने दबिश देकर यहां घूम रहे जिलेदार उर्फ जिल्ले 20 साल पुत्र करु सिंह राजावत निवासी श्री कृष्णा कॉलोनी को गिरफ्तार करते हुए उसके पास से एक 315 बोर तमंचा एवं 3 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।