हसनपुर में सड़क हादसे में घायल युवक की मौत:बहन को ससुराल छोड़कर लौट रहा था 20 साल का विनीत, चार भाइयों में था सबसे छोटा

हसनपुर कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक विनीत अपनी बहन को उसकी ससुराल छोड़कर घर लौट रहा था। 28 फरवरी की शाम को कालका वाली डगरोली निवासी विनीत अपनी बहन को बछरायूं के सुल्तानपुर गांव से छोड़कर बाइक से वापस आ रहा था।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती
रात करीब 7 बजे गश्त कर रही पुलिस को वह भीमा ठीकरी गांव के पास सड़क किनारे घायल अवस्था में मिला। पुलिस ने तुरंत उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया और परिवार को सूचित किया। गंभीर हालत के चलते चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
इलाज के दौरान गई जान
परिजन उसे मेरठ के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम के बाद शुक्रवार को विनीत का शव घर लाया गया। परिवार ने गंगा घाट पर उसका अंतिम संस्कार किया। परिजनों के अनुसार विनीत चार भाइयों में सबसे छोटा था और अविवाहित था। उसकी असामयिक मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।