अयोध्या में सुहागरात पर दूल्हा-दुल्हन की मौत:कमरे में दोनों के शव मिले; पत्नी बेड पर, पति फंदे पर लटका था


अयोध्या में सुहागरात पर दुल्हन और दूल्हे की मौत हो गई। पत्नी का शव कमरे में बेड पर था, जबकि पति पंखे पर लटका हुआ था। रविवार सुबह 7 बजे तक दोनों नहीं उठे तो घरवाले जगाने पहुंचे। देखा तो कमरा अंदर से बंद था।
घरवालों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई रिस्पॉन्स नहीं आया। इसके बाद घरवालों ने कमरे का दरवाजा तोड़ा। अंदर देखा तो उनके होश उड़ गए। दूल्हे को फंदे से उतारा और दोनों को अस्पताल में ले गए। जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
7 मार्च यानी शुक्रवार को दूल्हा प्रदीप की शादी हुई थी। शनिवार सुबह दुल्हन विदा होकर घर आई थी। रविवार यानी आज रिसेप्शन था, जिसकी तैयारियां चल रही थीं। मामला कैंट के सहादतगंज मुरावन टोला का है।

यह शुक्रवार को दोनों की शादी की तस्वीर है।
दूल्हे की मां रोते-रोते बेसुध, 1 साल पहले तय हुई थी शादी बेटे और बहू की मौत पर मां रोते-रोते बेसुध हो गई। दूल्हे के भाई दीपक कुमार का कहना है- एक साल पहले रिश्ता तय हुआ था, कोई समस्या नहीं थी। शुक्रवार शाम को हम लोग डीली सरैया बारात लेकर पहुंचे। भाई बहुत खुश था। धूमधाम के साथ शादी हुई। दूल्हा-दुल्हन से साथ में फोटो भी खिंचवाई।
दीपक कुमार ने बताया कि सुबह 11 बजे दुल्हन की विदाई हुई। हम लोग दोपहर 1 बजे घर पहुंचे। शाम 4 बजे तक पूजन का कार्यक्रम चला। रात 11 बजे तक महिलाएं गीत गाकर जश्न मनाती रहीं। फिर भइया और भाभी कमरे में गए।
आज रिसेप्शन था, इसलिए सुबह मैं मंडी सब्जी लेने गया था। घरवालों ने फोन कर घटना की सूचना दी। दरवाजा तोड़ा तो अंदर शव लटका हुआ था। भाई ने ऐसा क्यों किया? इसकी कोई जानकारी नहीं है। सब कुछ अच्छा चल रहा था।

बेटे और बहू की मौत की खबर सुनते ही मां रो-रोकर बेहोश हो गई।
दूल्हा टाइल्स लगता था, दुल्हन 8वीं तक पढ़ी थी 24 साल का दूल्हा प्रदीप घरों में टाइल्स लगाने का काम करता था। प्रदीप के एक भाई और 3 बहने हैं। 3 साल पहले पिता भद्दन की मौत हो चुकी है। 22 साल की दुल्हन शिवानी डीली सरैया की रहने वाली थी। वह 8वीं तक पढ़ी हुई थी। वह तीन भाई बहनों में सबसे बड़ी थी। छोटे भाई राम निहाल और बहन साक्षी की शादी नहीं हुई है।

लड़की के पिता मंतू राम ने बताया कि शादी से मेरी बेटी और दामाद खुश थे।
लड़की के पिता बोले- 4-5 घंटे में क्या हुआ, यह पता नहीं लड़की के पिता मंतू राम पासवान ने बताया- शनिवार सुबह 11 बजे बारात को विदा किया गया। सभी बाराती और दूल्हा-दुल्हन खुश थे। बारात विदा होकर जब यहां आई, तो 4-5 घंटे में क्या हुआ, यह पता नहीं है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अफसर मौके पर पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की।
3 एंगल पर पुलिस की जांच
पुलिस का कहना है कि फोरेंसिक टीम ने सैंपल लिए हैं। कमरा अंदर से बंद था ऐसे में मामला सुसाइड का लग रहा है। हालांकि, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद वजह साफ होगी। पुलिस ने बताया कि 3 एंगल पर मामले की जांच की जा रही है।
- सुहागरात पर दोनों के बीच कुछ विवाद हुआ हो। इसके बाद दूल्हे ने दुल्हन की हत्या कर दी, फिर खुद सुसाइड कर लिया हो। इस शक की वजह यह है कि दूल्हे का शव फंदे से लटका मिला।
- विवाद के बाद पहले दुल्हन और फिर डरकर दूल्हे ने भी सुसाइड कर लिया हो। क्योंकि, जो भी हुआ है कमरे में ही हुआ है।
- पुलिस के पहुंचने से पहले घरवालों ने दरवाजा तोड़ दिया था। ऐसे में पुलिस हत्या के एंगल से भी जांच कर रही है। घर में कौन-कौन रिश्तेदार था। पुलिस उनसे भी पूछताछ कर रही है। हालांकि, इसकी संभावना कम बताई जा रही है।

फोरेंसिक टीम ने कमरे से सैंपल लिए।
अयोध्या सांसद दूल्हे के घर पहुंचे, बोले- पता नहीं ईश्वर को क्या मंजूर था सपा सांसद अवधेश प्रसाद भी दूल्हे के घर पहुंच गए हैं। उन्होंने परिजनों को सांत्वना दी। कहा- घटना बेहद दुखद है। पता नहीं ईश्वर को क्या मंजूर था। पीड़ित परिवार की हर संभव मदद की जाएगी।

सपा सांसद अवधेश प्रसाद भी दूल्हे के घर पहुंच गए हैं। उन्होंने परिजनों को सांत्वना दी।
SSP राज करण नैय्यर ने बताया – दरवाजा अंदर से बंद था, इसलिए बाहरी व्यक्ति के घटना को अंजाम देने की आशंका कम है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।